उत्तराखंड दिनभर, 10 बड़ी खबरें
गहने लेकर 10वीं की छात्रा बॉयफ्रेंड संग भागी, शादी के बाद इकलौते बेटे की मौत; केदारनाथ-बद्रीनाथ में चोरी का आरोप
आज की सबसे बड़ी खबर केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी की रही। मामले में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) पर लाखों रुपए के गबन का आरोप लगा है। दूसरी बड़ी खबर धामी सरकार के पांच साल पूरे होने पर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की रही।चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, उत्तराखंड में आज दिनभर क्या कुछ खास रहा…
केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के आरोपों के बाद BKTC ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है। मामले की जांच के लिए CCTV फुटेज सुरक्षित रखी गई है, जबकि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया

CM पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि, 5 साल केवल जनसेवा को समर्पित रहे और अब सरकार साल 2035 तक विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य पर काम कर रही है।

उत्तराखंड में शादी के सात दिन बाद इकलौते बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ऊधम सिंह नगर की है। मुकेश रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर जाने वाले थे। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की जेठानी सायरा वाड्रा से जुड़ा किच्छा के 8 एकड़ खान फार्म भूमि विवाद का मामला अब उत्तराखंड हाईकोर्ट पहुंच गया है। हाईकोर्ट ने एसडीएम और कोतवाली प्रभारी को 6 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से पेश होने और सिविल कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हल्द्वानी में 10वीं की 15 वर्षीय छात्रा के नाबालिग किशोर के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा घर से मां के चार सोने के कड़े, छह अंगूठियां और 10 हजार रुपए नकद लेकर गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा स्कूल गेट से एक किशोर के साथ स्कूटी पर जाती दिखाई दी है।
