भारत-नेपाल की संयुक्त कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप, सीमा सुरक्षा को लेकर बनी बड़ी रणनीति
झरोखर थाना पुलिस और नेपाल के रौतहट थाना पुलिस की समन्वय बैठक, एनडीपीएस मामलों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर
मोतिहारी। भारत और नेपाल के बीच वर्षों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करते हुए पूर्वी चंपारण के झरोखर थाना पुलिस तथा नेपाल के रौतहट थाना पुलिस के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना तथा एनडीपीएस मामलों में फरार नेपाल निवासी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में नेपाल के रौतहट थाना प्रभारी निरीक्षक के. डी. साह एवं भारतीय पुलिस अधिकारियों ने सीमा पार अपराध, नशा तस्करी, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। दोनों देशों की पुलिस ने सीमा क्षेत्र में नियमित समन्वय, संयुक्त अभियान और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को और प्रभावी बनाने पर सहमति जताई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल की खुली सीमा का दुरुपयोग कर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संयुक्त प्रयासों के माध्यम से सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
रक्सौल अनुमंडल संवाददाता : श्यामल प्रतिक
चाणक्य न्यूज़ इंडिया

