*युवा सोच से संवरेगा शहर’,मेयर प्रशांत सिंघल ने छात्रों को बनाया ‘विकास का सिटी पार्टनर*’

0
1003008632.jpg

*अलीगढ़*।(*संजय सक्सेना ब्यूरो चीफ*)शहर के विकास में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अनूठी पहल करते हुए बुधवार को मेयर प्रशांत सिंघल धर्म समाज कॉलेज पहुंचे।यहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से औपचारिक भाषण के बजाय खुलकर संवाद किया और राजनीति व सियासत से अलग हटकर शहर के विकास, स्वच्छता और भविष्य को लेकर उनकी राय जानी।संवाद के दौरान छात्रों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपने सुझाव रखे।किसी ने शहर में एडवेंचर पार्क विकसित करने की बात कही,तो किसी ने गंदी और बदरंग दीवारों को आकर्षक पेंटिंग व कलाकृतियों से सजाने का सुझाव दिया।वहीं कई छात्रों ने नशामुक्त अलीगढ़ बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।मेयर प्रशांत सिंघल ने छात्रों के सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि शहर के विकास में युवाओं की सोच और सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने कहा कि आज के युवा केवल भविष्य नहीं,बल्कि वर्तमान के भी भागीदार हैं। उनके विचारों से शहर को नई दिशा मिल सकती है।मेयर ने इस पहल के तहत छात्रों को”विकास का सिटी पार्टनर”नाम दिया।उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक कॉलेज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों से भी संवाद किया जाएगा,ताकि अलीगढ़ के विकास की योजनाओं में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।कॉलेज परिसर में किसी जनप्रतिनिधि का छात्रों के बीच पहुंचकर सहज और आत्मीय माहौल में चर्चा करना विद्यार्थियों के लिए भी एक नया अनुभव रहा। छात्रों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि सीधे युवाओं की बात सुनते हैं तो उन्हें भी शहर के विकास में अपनी जिम्मेदारी का एहसास होता है।युवाओं के विचारों को विकास की धारा से जोड़ने की यह पहल आने वाले समय में अलीगढ़ के लिए एक नई और सकारात्मक शुरुआत साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed