निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूरी हों जनहित की परियोजनाएं-डीएम

0
1003013266.jpg

*अलीगढ़*।(सू0वि0): जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा है कि जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।सभी विभाग एवं कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं,ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में प्रगति संतोषजनक नहीं है,उनमें जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित ठेकेदारों पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाए।कलैक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली अपूर्ण निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के लिए अभी तक भूमि चिन्हांकन नहीं हुआ है,वे संबंधित उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएं।न्यायालय में लंबित अथवा अन्य कारणों से बाधित परियोजनाओं में प्रभावी पैरवी कर अवरोधों को दूर किया जाए। साथ ही आवंटित धनराशि का समयबद्ध उपयोग करते हुए उपयोगिता प्रमाण-पत्र शीघ्र भेजे जाएं, ताकि अगली किश्त समय पर प्राप्त हो सके।जल निगम शहरी की समीक्षा में अतरौली पुनर्गठन पेयजल योजना,डिफेंस कॉरिडोर में पानी की टंकी,नगर निगम सीमा विस्तार पेयजल योजना,हरदुआगंज एवं खैर की पेयजल योजनाओं सहित नलकूप और पम्प हाउस निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि कुछ परियोजनाओं के प्रस्ताव पूर्व में बिना भूमि चिन्हांकन के तैयार किए गए थे, जिसके कारण अब उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम द्वारा डीडीयू चिकित्सालय में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट, कम्पोजिट विद्यालय गनियावली और मंजूरगढ़ी में परिक्षेत्रीय साइबर क्राइम थाना प्रशासनिक भवन सहित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएण्डडीएस,जल निगम नगरीय को हरदुआगंज बारात घर का निर्माण अगस्त माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के अंतर्गत नगर में जल निकासी कार्य,जवां सिकंदरपुर कल्याण मंडप, अकराबाद बस स्टेशन,नगर पंचायत भवन पिसावा,डिटेंशन एवं डम्पिंग यार्ड और फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।अधिकारियों ने बताया कि फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट का लगभग 36 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय का निर्माण लगभग पूरा हो गया है और शीघ्र ही भवन विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की बाउंड्री वॉल एवं जिला कारागार में बैरक निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। एटा चुंगी फ्लाईओवर का 56 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने शेष कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।लक्ष्मणगढ़ी स्टेडियम निर्माण में मानव संसाधन बढ़ाकर कार्य गति देने को कहा।लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे रामघाट-कल्याण मार्ग चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा में उन्होंने विद्युत विभाग को विद्युत खंभों के स्थानांतरण एवं अन्य संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत कार्यों की लिखित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार,पीडी डीआरडीए आर.के. कुरील व तकनीकी समिति के सदस्य,नोडल अधिकारी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed