गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्ट नवाबगंज के महेशपुर गांव में सोमवार रात 7:30 बजे की घटना, सिर और हाथ में आई चोटें
गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में अंडा खाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित शिवानंद चौहान ने गांव के ही राकेश चौहान पर लाठी-डंडों से मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिवानंद के मुताबिक, सोमवार रात करीब 7:30 बजे वह गांव की एक दुकान पर अंडा खा रहे थे। तभी राकेश चौहान ने उन्हें अंडा खाने से मना किया। शिवानंद ने कहा कि दुकान है तो वह यहीं खाएंगे। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राकेश ने लाठी-डंडों से शिवानंद की पिटाई कर दी और गाली-गलौज भी की। मारपीट में शिवानंद के सिर और हाथ में चोटें आई हैं।
थाना अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
