संसद में गूंजा वीरगंज का मुद्दा: सांसद हरि पंत ने सरकार को घेरा, कैसीनो और मादक पदार्थ तस्करी पर उठाए गंभीर सवाल
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के पर्सा निर्वाचन क्षेत्र–1 से प्रतिनिधि सभा सदस्य हरि पंत ने सोमवार को प्रतिनिधि सभा की बैठक में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए जा रहे जनसरोकार के मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि संसद में उठाई गई जनता की समस्याएँ सरकार तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुँचेंगी, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना कमजोर होगी।
सभामुख का ध्यान आकर्षित करते हुए सांसद पंत ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, ताकि जनता की आवाज़ समय पर सरकार तक पहुँचे और उस पर आवश्यक कार्रवाई हो सके।
बैठक के दौरान सांसद पंत ने वीरगंज के अधिकांश स्टार होटलों में संचालित कैसीनो का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि विदेशी पर्यटकों के लिए संचालित कैसीनो में पुलिस और प्रशासन की कथित मिलीभगत से नेपाली नागरिकों को भी प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कैसीनो की बढ़ती लत के कारण व्यवसायी, युवा उद्यमी, मध्यमवर्गीय परिवार तथा विभिन्न पेशों से जुड़े लोग आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने सभामुख के माध्यम से नेपाल सरकार और पर्सा प्रशासन से मांग की कि नेपाली नागरिकों के कैसीनो में प्रवेश पर प्रभावी एवं पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएँ।
सांसद पंत ने भारत-नेपाल सीमा से जुड़े सुरक्षा मुद्दों को भी सदन में उठाते हुए कहा कि वीरगंज सीमा के रास्ते भारत की ओर गांजा, चरस तथा अन्य मादक पदार्थों की तस्करी लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा समय-समय पर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए जाने की खबरें सामने आती रही हैं, जिससे पर्सा पुलिस और संबंधित सुरक्षा तंत्र की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने सरकार से सीमा क्षेत्र में निगरानी और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की मांग करते हुए कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए
क्सौल/काठमांडू | चाणक्य न्यूज़ इंडिया
रिपोर्ट: रक्सौल अनुमंडल संवाददाता श्यामल प्रतिक 
