हरिद्वार केप्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर में दान और चढ़ावे की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए मंदिर ट्रस्ट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के अनुसार, अब मंदिर में सेवा देने वाले सभी पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते पहनेंगे। इसके लिए पुजारियों की विशेष यूनिफॉर्म भी तैयार कराई जाएगी।
इसके साथ ही, मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे की नियमित निगरानी के लिए एक सात सदस्यीय पर्यवेक्षण समिति का गठन किया गया है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने बताया कि समिति के सभी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए शपथ दिलाई गई है।
निगरानी के दौरान यदि किसी भी स्तर पर कोई अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं के विश्वास को मजबूत करना और मंदिर के चढ़ावे के प्रबंधन में पूरी जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।विवेक त्रिपाठी स्टेट हेड चाणक्य न्यूज इंडिया उत्तराखंड 
