12 जुलाई को लगेगा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर
संवाददाता, बहजोई
बहजोई मानव सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास की ओर से रविवार, 12 जुलाई को बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल, ग्राम नाधौस (बहजोई) में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसमें मुरादाबाद के सिद्ध हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर परामर्श देंगे तथा आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
शिविर को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए बुधवार को बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल परिसर में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर के प्रचार-प्रसार, मरीजों के पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण, अतिथि स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
न्यास के सचिव नमन जैन, शिविर संयोजक संभव जैन एवं एडवोकेट अमन जैन ने बताया कि शिविर में सिद्ध हॉस्पिटल की अत्याधुनिक मेडिकल वैन भी पहुंचेगी। इसमें एक्स-रे, लिपिड प्रोफाइल, तीन माह की औसत शुगर जांच (एचबीए1सी), ब्लड प्रेशर, बीएमआई सहित विभिन्न जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जाएंगी। विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी देंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. पवन कुमार जैन ने कहा कि बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए शिविर को जनहित का सफल आयोजन बनाने का आह्वान किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार गुप्ता, उपप्रधानाचार्य गौरव कुमार मेधावृत, राहुल वार्ष्णेय एडवोकेट, लव कुमार आर्य, मनोज वार्ष्णेय, अतुल कुमार भोला, नागेश कुमार, कुशनंदन सिंह, नेत्रपाल सिंह, अक्षय राठौर सहित विद्यालय एवं सेवा न्यास के पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे।
