नेपाल बॉर्डर से शराब तस्करी पर हरपुर पुलिस का बड़ा प्रहार 126 लीटर नेपाली शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

0
WhatsApp Image 2026-07-18 at 8.27.19 PM

रक्सौल/आदापुर, पूर्वी चंपारण। भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 126 लीटर नेपाली ‘कस्तूरी’ शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हरपुर थाना प्रभारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध नेपाली शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और दो संदिग्धों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के करमवा बाजार निवासी अनिल कुमार (35 वर्ष) एवं जय प्रसाद (40 वर्ष) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 14 पेटी नेपाली कस्तूरी शराब बरामद की। प्रत्येक पेटी में 30 बोतल (300 एमएल) शराब थी। इस प्रकार कुल 420 बोतल, यानी लगभग 126 लीटर अवैध नेपाली शराब जब्त की गई।

बरामदगी के आधार पर हरपुर थाना में कांड दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

सीमा क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता से तस्करों में हड़कंप

भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में शराब तस्करी लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। ऐसे में हरपुर थाना पुलिस की यह कार्रवाई न केवल तस्करों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

— विशेष रिपोर्ट: श्यामल प्रतीक, रक्सौल अनुमंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed