शिवभक्तों की बम-बम से दिक्कत, बम बनाने वालों से नहीं’:सीएम योगी का गाजियाबाद में विपक्ष पर हमला; ₹868 करोड़ की 90 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकारों को ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से परेशानी होती थी, लेकिन बम बनाने वालों पर कोई आपत्ति नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने कांवड़ यात्रा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने का काम किया। मुख्यमंत्री ने मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया, प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कई बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
‘भगवा से नफरत करती थी सपा’
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपना भगवा कुर्ता दिखाते हुए कहा कि कुछ दलों को इस रंग से भी परेशानी थी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने आस्था को रोकने की कोशिश की, वही आज धर्म और संस्कृति की बात कर रहे हैं।
2017 से पहले कांवड़ यात्रा रोकने की तैयारी होती थी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली कांवड़ यात्रा की समीक्षा बैठक में उन्हें पुराने शासनादेश दिखाए गए, जिनमें यात्रा से दंगे की आशंका जताकर उसे सीमित करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके बजाय श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी। उन्होंने कांवड़ संघों से यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की भी अपील की।
’10 साल पहले गैंगवार की पहचान था गाजियाबाद’
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले गाजियाबाद गुंडागर्दी, गैंगवार और अपराध के लिए जाना जाता था, जबकि आज यह सुशासन, स्वच्छता और आधुनिक बुनियादी ढांचे की पहचान बन रहा है। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल, चौड़ी सड़कें और बेहतर शहरी सुविधाएं जिले की नई तस्वीर पेश कर रही हैं।
रैपिड रेल का भी किया जिक्र
सीएम ने कहा कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल परियोजना को पिछली सरकार ने मंजूरी नहीं दी थी। वर्ष 2017 में राज्य सरकार ने इसमें आर्थिक हिस्सेदारी का फैसला लिया, जिसके बाद यह परियोजना आगे बढ़ सकी। उन्होंने कहा कि इससे मेरठ और दिल्ली के बीच यात्रा का समय काफी कम हो गया है।
’85 पैसे रास्ते में गायब हो जाते थे’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले केंद्र से भेजे गए 100 रुपये में से केवल 15 रुपये ही जरूरतमंद तक पहुंचते थे। अब डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किसानों, पेंशनधारकों, छात्रों और अन्य लाभार्थियों के खातों में सीधे पैसा भेजा जा रहा है।
गाजियाबाद को बताया ग्रोथ इंजन
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजियाबाद आज एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, हिंडन एयरपोर्ट, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं।
लाभार्थियों को सौंपे प्रमाणपत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, कैशलेस चिकित्सा कार्ड, स्वरोजगार सहायता, आवास स्वीकृति पत्र, कृषक दुर्घटना सहायता, महिला स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता सहित कई योजनाओं के चेक और प्रमाणपत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
