गौ सेवा के संकल्प से गुंजायमान हुई कुशभवनपुर की पावन धरा, श्री अंकित अग्रहरि बने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गौ सेवा गतिविधि के जिला संयोजक
रामबाबू यादव स्टेट हेड उत्तर प्रदेश
चाणक्य न्यूज़ इंडिया

सुल्तानपुर। गौ माता की सेवा, संरक्षण और सनातन संस्कृति के संवर्धन के पावन संकल्प के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गौ सेवा गतिविधि (काशी प्रान्त) की कुशभवनपुर कार्यकर्ता बैठक रविवार को किशोरी वाटिका, जेल मोड़, गभड़िया, सुल्तानपुर में श्रद्धा, समर्पण और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में गौ प्रेमी, गौ भक्त, गौ सेवक, गौपालक एवं गौव्रती उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन क्षेत्रीय गौ सेवा सहसंयोजक (पूर्वी उत्तर प्रदेश) श्री सर्वजीत जी ने किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता केवल एक पशु नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा और समृद्धि की प्रतीक हैं। उन्होंने आह्वान किया कि गौ सेवा को जन-जन का अभियान बनाया जाए तथा गाँव-गाँव तक संगठन की सेवा गतिविधियों का विस्तार कर समाज को गौ संरक्षण के लिए संगठित किया जाए।
बैठक में संगठन विस्तार, सेवा कार्यों की समीक्षा एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। इसी क्रम में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से श्री अंकित अग्रहरि को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गौ सेवा गतिविधि (काशी प्रान्त), कुशभवनपुर का जिला संयोजक घोषित किया गया। उनके मनोनयन की घोषणा होते ही उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए पुष्पमालाओं से स्वागत किया तथा उनके सफल नेतृत्व की कामना की।
इस अवसर पर सहप्रांत संयोजक गौ सेवा काशी प्रांत श्री जगदीश जी तथा गौशाला से सच्चिदानंद (माधव जी) सहित उपस्थित सभी गौ सेवकों ने गौ माता की सेवा, संरक्षण, संवर्धन और समाज में व्यापक जनजागरण का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि भारतीय जीवन दर्शन, कृषि, पर्यावरण और लोककल्याण का आधार है।
श्री अंकित अग्रहरि के जिला संयोजक मनोनीत होने पर राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश कुमार सिंह, प्रदेश महामंत्री जयशंकर दुबे सहित समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंकित अग्रहरि के नेतृत्व में गौ सेवा के अभियान को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचकर गौ संरक्षण एवं सनातन मूल्यों के प्रति जनजागरण का कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से करेगा।
बैठक का समापन “गौ माता की सेवा ही राष्ट्र सेवा” तथा “गौ संरक्षण, संस्कृति संरक्षण” के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने गौ सेवा के माध्यम से राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
