10 फुट का अजगर निकलने से मचा हड़कंप, झाड़ियों में ओझल हुआ
10 फुट का अजगर निकलने से मचा हड़कंप, झाड़ियों में ओझल हुआ
बेला (औरैया)। थाना क्षेत्र के बेला-बिधूना मार्ग स्थित छैरी पुलिया बम्बा के पास रविवार देर शाम करीब 9 बजे करीब 10 फुट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेतों और आबादी के नजदीक अजगर दिखने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर कुछ देर तक सड़क के पास दिखाई दिया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग को जानकारी दी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही अजगर पास की घनी झाड़ियों में चला गया और दिखाई नहीं दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और अजगर की तलाश कर सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने की मांग की है। वहीं लोगों से अपील की गई है कि यदि अजगर दोबारा दिखाई दे तो उसके पास न जाएं, उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें और तुरंत वन विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।अजगर के झाड़ियों में चले जाने के बाद आसपास के ग्रामीणों में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
