यूपी में सरकारी प्राइमरी स्कूल सरयू नदी में समाया:नहर टूटी, फसलें डूबीं; लखनऊ समेत 10 शहरों में बारिश, 75 में अलर्ट

0
images

यूपी में मानसून एक बार रफ्तार पकड़ने लगा है। सोमवार को गोरखपुर, बाराबंकी और अयोध्या समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकली। दोपहर होते-होते लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, सहारनपुर और गाजियाबाद समेत 10 शहरों में बारिश हुई। कानपुर में सीवर ओवरफ्लो हो गया।

मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखीमपुर और बहराइच में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। लोगों को जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से यूपी में नदियां उफान पर हैं। बलिया में सोमवार सुबह 7 बजे सरकारी प्राइमरी स्कूल सरयू नदी में समा गया। सिर्फ 3 सेकंड में पूरा भवन नदी के बहाव में ढह गया। रविवार को इसी स्कूल का आधा हिस्सा नदी में गिर गया था।

वहीं, बलिया के ही दोहरीघाट इलाके में नहर का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई। इससे पहले, रविवार को उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की सड़क धंस गई। सूचना मिलते ही NHAI की टीम ने मौके पर पहुंचकर इसे दुरुस्त करा दिया। इसके अलावा, खराब मौसम के कारण काठमांडू जा रही एक इंटरनेशनल फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।

बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से पड़ रही तेज धूप और उमस के बीच दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश कभी तेज तो कभी हल्की फुहारों के रूप में होती रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

बारिश के बाद चांदपुर का मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में और कमी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed