उर्फी रिजवी की रिपोर्ट गाजीपुर गाजीपुर में भारी बारिश की चेतावनी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 अगस्त को स्कूल-कॉलेज बंद,,,
गाजीपुर एडीएम वेद सिंह चौहान ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील, बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें
गाजीपुर। जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मौसम के पूर्वानुमान और संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 19 अगस्त को स्कूल-कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया है। विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
एडीएम वेद सिंह चौहान ने बताया कि भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान बिना किसी जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें।
उन्होंने कहा कि बारिश और तेज हवा के दौरान किसी भी पेड़ के नीचे खड़े न हों। आंधी और बारिश के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने अथवा पेड़ गिरने की आशंका बनी रहती है। इसी तरह बिजली के खंभों, खुले विद्युत तारों और ट्रांसफार्मर के आसपास जाने से भी बचें।
एडीएम ने लोगों को नदी, नाले, तालाब और अन्य जलस्रोतों के किनारे नहीं जाने की सलाह दी। लगातार बारिश के कारण जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और पानी का बहाव तेज हो सकता है। ऐसे में नदी या नाले के किनारे जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।
भारी बारिश के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में लोगों को जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचना चाहिए। यदि किसी सड़क, पुलिया या रपटे पर पानी का तेज बहाव हो रहा हो तो उसे पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें।
स्कूल-कॉलेज बंद रखने का निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को बारिश के दौरान घर से बाहर निकलने और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से रोकें।
एडीएम वेद सिंह चौहान ने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में नागरिक प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी तरह का अनावश्यक जोखिम न लें। मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और अपुष्ट सूचनाओं या अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान घर में सुरक्षित रहें, बिना जरूरी काम बाहर न निकलें, पेड़ के नीचे शरण न लें तथा नदी, नाले और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। सावधानी बरतकर संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
