वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के विशिष्ट जन सम्मान समारोह में समाज के नायकों का सम्मान
‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के विशिष्ट जन सम्मान समारोह में समाज के नायकों का सम्मान
पांच साल का सफर, विश्वास की नई पहचान
प्रयागराज। हिंदी दैनिक ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को हिंदुस्तानी अकादमी, प्रयाग संगीत समिति, सिविल लाइंस के सभागार में भव्य विशिष्ट जन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, प्रशासन, न्याय, चिकित्सा, समाजसेवा, शिक्षा और जनसेवा से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा उपविशिष्ट अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ‘बाबूवा’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अखबार के संपादक संदीप कुमार तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर संपादक संदीप कुमार तिवारी ने अनवर खान को ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ में उत्तर प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में नियुक्ति पत्र सौंपकर शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अखबार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर संपादक समेत पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से प्रशासन को जनता की समस्याओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि समाचार माध्यमों को निष्पक्षता के साथ जनता की समस्याओं को लगातार सामने लाना चाहिए, ताकि प्रशासन उन पर कार्रवाई कर लोगों को शासन की ओर से निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध करा सके।
मुख्य अतिथि प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता को जीवंत रखते हुए पांच वर्ष का सफर पूरा करना निश्चित रूप से बधाई का विषय है। उन्होंने ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के संपादक और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि अखबार भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ता रहेगा।
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ‘बाबूवा’ ने भी पांच वर्ष पूर्ण होने पर अखबार की पूरी टीम को बधाई दी और पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
समारोह में प्रयागराज में अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय और सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को विशिष्ट जन सम्मान से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र पाठक को उत्कृष्ट पत्रकारिता एवं लेखन के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें हाल ही में उत्तर प्रदेश सूचना विभाग की ओर से लखनऊ में भी सम्मानित किया गया था।
समाजसेवी मंगल तिवारी और उनकी पत्नी अमृता तिवारी को गरीब और जरूरतमंद बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था करने तथा सेवा कार्य में निरंतर योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। उनके परिवार के अन्य सदस्य भी इस सेवा कार्य में सहयोग करते हैं।
गरीब बस्ती के बच्चों को पार्क में निःशुल्क शिक्षा देने वाले अभिषेक शुक्ला को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
आशीष मिश्रा और संजू चावला को रक्तदान एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए सम्मानित किया गया। दोनों लंबे समय से लोगों को रक्त उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों की मदद के लिए सक्रिय हैं।
संगम क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से निर्धन, गरीब और श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था करने वाले अन्नू भैया (भैया जी की दाल-भात सेवा) को भी सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. एस. एम. अब्बास को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए सम्मानित किया गया।
बेजुबान और घायल जानवरों की सेवा करने वाले सुधीर कुमार मिश्रा को भी विशिष्ट जन सम्मान प्रदान किया गया। वह घायल जानवरों को अपने घर लाकर उनका उपचार, साफ-सफाई और मरहम-पट्टी करते हैं तथा स्वस्थ होने के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ते हैं।
वहीं, गंगा की स्वच्छता के लिए लंबे समय से लगातार कार्य कर रहे गंगा सेवक अरुण शुक्ला को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में डॉ. सुशील कुमार सिंह, समाजसेवी प्रखर श्रीवास्तव, उमैर जलाल, वरिष्ठ पत्रकार जवाहर श्रीवास्तव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप यादव, उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय, जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह, हाई कोर्ट बार के मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह ,इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता पंकज त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता, पत्रकार और चिकित्सक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन आभा माथुर ने किया। संपादक संदीप कुमार तिवारी ने आए हुए अतिथियों का माला और शॉल पहनाकर स्वागत किया। समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने ‘वॉइस ऑफ प्रयागराज’ के पांच वर्ष पूर्ण होने पर संपादक और पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
