राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हुए कन्हैया साहू एवं विशेषर साहू

0
WhatsApp Image 2026-09-10 at 2.50.58 PM

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

बलौदाबाजार, 9 सितंबर 2026। जिले के दो शिक्षकों कन्हैया साहू एवं विशेषर साहू ने अपने उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षण कार्यों से जिले का नाम रोशन किया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में दोनों शिक्षकों को राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद दोनों शिक्षकों का बुधवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

नवाचारी शिक्षण के लिए कन्हैया साहू सम्मानित

शासकीय प्राथमिक शाला लमती, विकासखंड भाटापारा में सहायक शिक्षक के रूप में कन्हैया साहू 28 फरवरी 2009 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने शिक्षण को बाल-केंद्रित एवं रुचिकर बनाने के लिए स्वयं सहायक शिक्षण सामग्री एवं खिलौनों का निर्माण कर उनका प्रभावी उपयोग किया।

‘हिन्दी मात्रा मीटर’, ‘ट्र-इन-वन अंक शब्द ज्ञान’ तथा ‘खेल-खेल में गणित’ जैसी नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से वे बच्चों में सीखने की रुचि और बुनियादी कौशल विकसित कर रहे हैं। बच्चों के लेखन कौशल के लिए रेत पर वर्ण लेखन अभ्यास, स्वतंत्र पठन के लिए स्वयं के व्यय से ‘मुस्कान पुस्तकालय’, स्मार्ट टीवी एवं डिजिटल माध्यमों का उपयोग उनकी नवाचारी कार्यशैली को दर्शाता है।

विद्यालय में चारदीवारी निर्माण, वर्ष 2014 से जैविक किचन गार्डन तथा स्वयं निर्मित प्रिंट रिच वातावरण के माध्यम से उन्होंने विद्यालय को आकर्षक एवं सीखने योग्य बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

विशेषर साहू ने दूरस्थ क्षेत्र से शुरू किया शिक्षकीय सफर

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिंघारी, विकासखंड बलौदाबाजार में पदस्थ शिक्षक विशेषर साहू 30 अगस्त 2002 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपने शिक्षकीय सफर की शुरुआत बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र के एक दूरस्थ एवं एक शिक्षकविहीन विद्यालय से की।

दिव्यांगता के बावजूद वे बाल-केंद्रित एवं खेल-खेल में शिक्षण के साथ कहानी, गीत, अभिनय और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर विद्यार्थियों को रुचिकर शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

विद्यालय में पुस्तकालय, किचन गार्डन, आकर्षक गार्डन एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों के विकास में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की भावना विकसित करने के साथ समर कैंप के माध्यम से चित्रकला, बस्तर आर्ट, क्राफ्टिंग एवं संगीत जैसी प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास कर रहे हैं।

कन्हैया साहू एवं विशेषर साहू की उपलब्धि जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला, संवाददाता
बलौदा बाजार-भाटापारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed