गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्ट 📍 गोंडा मनकापुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मेले में खूनी संघर्ष, पांच युवक घायल
मनकापुर, गोंडा। मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के लिदेहना ग्रंट गांव स्थित नकटा घाट पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मेले के दौरान मंगलवार शाम मारपीट की घटना में पांच युवक घायल हो गए। आरोप है कि मेले में एक युवक पर पीछे से धारदार हथियार से हमला किया गया। उसे बचाने पहुंचे चार अन्य साथियों को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद घायलों का रात में ही मेडिकल कराया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लिदेहना ग्रंट निवासी लवकुश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम करीब 5:40 बजे वह नकटा घाट पर विसर्जन मेले में गया था। आरोप है कि इसी दौरान गैलनग्रांट निवासी गौतम, प्रकाश और एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। लवकुश को पिटता देख उसके साथी विवेक, रजत, शैलेश और पंकज बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना में कई लोगों को चोटें आईं, जबकि पांच युवकों के सिर पर चोट लगने की बात सामने आई है। एक अन्य व्यक्ति ने भी मारपीट की तहरीर दी है।
घायल विवेक ने आरोप लगाया कि घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद सिपाही झगड़ा होते देखकर मौके से हट गए। उसका कहना है कि पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते तो स्थिति बिगड़ने से रोकी जा सकती थी। आरोप है कि मेले में कुछ युवक लगातार लोगों के साथ अभद्रता कर रहे थे। विरोध करने पर लवकुश पर हमला किया गया और उसे बचाने पहुंचे लोगों को भी पीटा गया।
घटना से नाराज पीड़ितों ने बुधवार को प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और न्याय की गुहार लगाई। घटना के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे या नहीं और यदि मौजूद थे तो उन्होंने समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया।
प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि सभी घायलों का रात में ही मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
