गोंडा से वैभव शुक्ला की रिपोर्ट नवाबगंज में स्कूल जाने निकलीं दो सगी बहनें लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज
नवाबगंज, गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बहनों की उम्र 20 और 18 वर्ष है। दोनों एक इंटर कॉलेज में पढ़ाई करती हैं। 18 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे वे साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पिता ने पुलिस को शिकायत देकर किसी अज्ञात युवक पर अपहरण की आशंका जताई। थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों बहनों की तलाश में जुटी है।
