गोंडा से वैभव शुक्ला की रिपोर्ट नवाबगंज में बाइक सवार युवकों पर हमला, चाकू से वार, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गोंडा। नवाबगंज कस्बे में बुधवार की देर रात कोल्ड स्टोर तिराहे के पास बाइक सवार युवकों पर हमला होने का मामला सामने आया है। हमले में एक युवक पर चाकू से वार करने का आरोप है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महगूपुर गांव निवासी देवमणि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह परसापुर गांव से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कोल्ड स्टोर तिराहे के पास उनके ही गांव के आशीष मिश्रा और पटपरगंज निवासी सूरज सिंह ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने बाइक पर पीछे बैठे उनके साथी ओम प्रकाश को नीचे खींच लिया और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए शांति प्रकाश और मनीष तिवारी के साथ भी मारपीट की गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
