गोंडा से वैभव शुक्ला की रिपोर्ट नवाबगंज में घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब, महिला ने युवक पर लगाया चोरी का आरोप
नवाबगंज, गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के खड़ौवा गांव में एक महिला ने अपने घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी होने की शिकायत पुलिस से की है। महिला ने गांव के ही एक युवक पर घर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।
खड़ौवा गांव निवासी राजकली ने शुक्रवार को नवाबगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी। महिला के मुताबिक, उनके पति मुंबई में मजदूरी करते हैं। बृहस्पतिवार को घटना के समय उनके बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि वह गांव में एक व्यक्ति के यहां शोक संवेदना व्यक्त करने गई थीं। शाम करीब छह बजे जब वह घर लौटीं तो कमरे में रखा बक्सा खुला हुआ था और उसमें रखा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
महिला ने बताया कि बक्से की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब मिले। चोरी हुए सामान में चांदी की करधनी और पायल, सोने की जंजीर, झुमकी, मटरमाला, नथुनी और बाला के अलावा एक हजार रुपये नकद शामिल हैं। गहने गायब मिलने पर महिला ने आसपास जानकारी की और गांव के ही एक युवक पर संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की।
राजकली का आरोप है कि संबंधित युवक अक्सर उनके घर की ओर ताक-झांक करता रहता था। इसी आधार पर उन्होंने उसके खिलाफ चोरी की आशंका जताई है। हालांकि, चोरी की घटना और आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है।
इस संबंध में नवाबगंज के थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने प्रकरण को संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई कि महिला द्वेष भावना के चलते युवक पर आरोप लगा रही हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
