उत्तर प्रदेश / उत्तराखंड (सच दिखते हैं हम ) | Welcome to Chanakya News India UP/UK, a trusted digital news platform operated by CMN Media Private Limited. We are committed to delivering accurate, unbiased, and reliable news to our viewers and readers.
इटियाथोक (गोंडा)। जनपद गोंडा के इटियाथोक कोतवाली क्षेत्र के पूरे तिलक गांव के ग्राम प्रधान शकील अहमद खान और उनकी पत्नी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी रिवॉल्वर से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बच्चे भी रिवॉल्वर हाथ में लेकर निशाना लगाते नजर आ रहे हैं, हालांकि बच्चों द्वारा फायरिंग किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में ग्राम प्रधान शकील अहमद खान कुर्सी पर बैठकर और खड़े होकर रिवॉल्वर से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उनकी पत्नी परवीन भी रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो पिछले साल दीपावली के दौरान के हैं, जो अब सामने आए हैं।
मामले को लेकर इटियाथोक कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तोमर ने बताया कि फायरिंग का वीडियो संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार, किसी को भी हर्ष फायरिंग की अनुमति नहीं है। लाइसेंसधारी को ही निर्धारित नियमों के तहत हथियार रखने की अनुमति होती है। पत्नी और बच्चों के हाथ में रिवॉल्वर दिखाई देना भी जांच का विषय है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।