गोंडा से वैभव शुक्ला की रिपोर्ट मजदूरी कर लौट रहे युवक को रोककर पीटा, घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी, 4 पर केस
गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में रोककर पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कनकपुर निवासी सचिन सिंह ने बताया कि वह दुर्गागंज माझा में मजदूरी करता है। बुधवार शाम जब वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तो दुर्गागंज माझा निवासी सूरज यादव ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि सूरज ने उसे गालियां दीं और विरोध करने पर लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी।
सचिन ने आरोप लगाया कि रात करीब नौ बजे सूरज यादव अपने साथियों जितेंद्र यादव, कटरा भोग के टेढ़ी पुलिया निवासी चंद्रेश यादव और दरोगा यादव के साथ उसके घर पहुंच गया। वहां भी उन्होंने गालियां दीं। डरकर सचिन घर के पीछे की ओर भागा। इसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
इस मामले में सीओ डॉ. यूपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
