आवारा कुत्तों के हमले में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, ग्रामीणों ने उठाई नियंत्रण की मांग
बेला (औरैया)। बेला थाना क्षेत्र के ग्राम गैली में आवारा कुत्तों के हमले में राष्ट्रीय पक्षी मोर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मोर को कुत्तों के चंगुल से बचाया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वनरक्षक टीम मौके पर पहुंची और घायल मोर को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गई। चिकित्सक ने मोर का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
वन विभाग के दरोगा विश्राम सिंह ने बताया कि मोर की मौत के बाद विभागीय नियमों के अनुसार उसका सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे वन्यजीवों के साथ-साथ पालतू पशुओं और लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
