प्रयागराज में 20 वर्षीय शिक्षिका से लिफ्ट के बहाने अगवा करने और छेड़छाड़ का आरोप, बोला “मेरे चाचा विधायक हैं
प्रयागराज। ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही 20 वर्षीय शिक्षिका के साथ कथित रूप से अगवा करने के प्रयास और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक ने लिफ्ट देने के बहाने उसे अपनी कार में बैठाया और रामबाग रेलवे स्टेशन परिसर के भीतर ले जाकर जबरन कार में खींच लिया। वहां उसके साथ छेड़छाड़ की गई।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहा, “मेरे चाचा विधायक हैं। मुझसे निकाह कर लो, वरना मैं तुम्हें उठा ले जाऊंगा।” किसी तरह युवती वहां से निकलकर परिजनों के पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़िता की शिकायत पर कीडगंज थाना पुलिस ने बुधवार को एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है। वह मुट्ठीगंज क्षेत्र का रहने वाला एक व्यापारी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
