17 से 23 अगस्त तक लगेगा निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर

ब्यावर। श्री सिंधी सेंट्रल पंचायत सोसायटी (रजिस्टर्ड) जिला ब्यावर एवं सिंधी आदिशक्ति सेवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में समाज एवं जरूरतमंद लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 17 अगस्त से 23 अगस्त तक अश्विनी क्लिनिक, छावनी रोड, ब्यावर में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में सभी प्रकार की नेत्र जांच, आवश्यक ऑपरेशन, दवाइयाँ एवं अन्य संबंधित सेवाएँ पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर के शुभारंभ से पूर्व श्री झूलेलाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर शिविर की सफलता एवं जनकल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुँचाकर जरूरतमंदों को इसका लाभ दिलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बाबू भाई, प्रेम मंगलानी, दीपक रामचंदानी,टी सुनील मोतियानी, नरेश रामचंदानी, कुशाल रामचंदानी, प्रकाश हंसराजानी, मोहन वाधवानी, महेश आसनानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने श्री झूलेलाल मंदिर पहुंचकर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया और इसे जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
आयोजकों ने बताया कि पूर्व में आयोजित मेडिकल कैंप को समाज एवं आमजन का व्यापक सहयोग और सकारात्मक प्रतिसाद मिला था। उसी सफलता को देखते हुए इस बार भी विशेष नेत्र शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
श्री सिंधी सेंट्रल पंचायत सोसायटी एवं सिंधी आदिशक्ति सेवा संगठन ने समाजबंधुओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के जरूरतमंद लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाकर इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाएं।
