बीरगंज में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, 150 वर्ष पूरे होने पर भारतीय महावाणिज्य दूतावास का विशेष आयोजन
ANCHOR IN
नेपाल के बीरगंज में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने पर भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामूहिक गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम के साथ भारत-नेपाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मित्रता का संदेश दिया गया।
VO
बीरगंज स्थित क्लासिक बैंक्वेट में आयोजित कार्यक्रम में चिल्ड्रेन वर्ल्ड माध्यमिक विद्यालय, ज्ञानदा एकेडमी और डीएवी आरबी केडिया विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्तिपूर्ण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत के महावाणिज्यदूत डी. एस. मीना ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय एकता और मातृभूमि के प्रति सम्मान से जुड़ी अमूल्य धरोहर है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं जनस्तरीय संबंधों को मजबूत करने वाला बताया।
कार्यक्रम में बीरगंज के उद्योग, व्यापार, सामाजिक और मीडिया जगत से जुड़े गणमान्य लोग भी शामिल हुए। भारत विकास परिषद्, रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि विदेश की धरती पर ऐसे आयोजन भारत की गौरवशाली परंपरा और देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करते हैं।
ANCHOR OUT
कार्यक्रम का संचालन भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज के वाणिज्य दूत मनीष दास ने किया। सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ तथा भारत-नेपाल मैत्री और साझा सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
