खाद्य सुरक्षा अभियान में बड़ी कार्रवाई: अस्वास्थ्यकर दशा में रखी 10 किलो बूंदी नष्ट

0
WhatsApp Image 2026-08-20 at 2.53.58 PM

खाद्य सुरक्षा अभियान में बड़ी कार्रवाई: अस्वास्थ्यकर दशा में रखी 10 किलो बूंदी नष्ट

बलौदाबाजार-भाटापारा, 20 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व एवं बरसात के मौसम को देखते हुए जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को पलारी क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न होटल, स्वीट्स एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान एक होटल में अस्वास्थ्यकर दशा में भंडारित 10 किलोग्राम बूंदी मौके पर ही नष्ट कराई गई तथा संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।

अभियान के दौरान मां आशापुरी बीकानेर स्वीट्स पलारी, बब्बू होटल पलारी, एसके सुपर मार्ट पलारी तथा प्रकाश ढाबा एंड फैमली रेस्टोरेंट, मेन रोड कुकदा (पलारी) का निरीक्षण किया गया। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए मिल्क केक, नमकीन, पनीर, वेज बिरयानी एवं खजूर के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

बब्बू होटल पलारी में निरीक्षण के दौरान 10 किलोग्राम बूंदी अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित पाई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने के कारण टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट कराया। वहीं प्रकाश ढाबा एंड फैमली रेस्टोरेंट, मेन रोड कुकदा में अस्वच्छता पाए जाने पर मौके पर नोटिस जारी किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय निर्धारित गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों के अनुरूप ही करें। विभाग द्वारा बिना खाद्य पंजीयन या लाइसेंस संचालित अस्थायी स्टॉलों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों से ग्रामीण हाट-बाजारों तक होने वाली संदिग्ध मिठाइयों की सप्लाई चेन पर भी निगरानी रखी जा रही है।

विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खाद्य एवं मिठाई सामग्री खरीदते समय पैकेट पर लेबलिंग की जानकारी अवश्य जांचें और बिल जरूर लें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री मिलने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें।

ज्ञातव्य है कि रक्षाबंधन पर्व एवं बरसात के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान “बने बाबो-बने रहिवो” संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के साथ आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

चाणक्य न्यूज़ | बलौदाबाजार-भाटापारा
हिमांशु शुक्ला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed