गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्ट गोंडा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, चार लोगों की डूबने से मौत
गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्ट
गोंडा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, चार लोगों की डूबने से मौत
गोंडा जनपद में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पहली घटना तरबगंज थाना क्षेत्र की है, जहां लक्ष्मणपुर-भैरमपुर सीमा पर समय माता मंदिर के पास टेढ़ी नदी के घोघरा घाट पर मंगलवार शाम प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन किशोर नदी में डूब गए। इनमें 15 वर्षीय अभिषेक तिवारी, 18 वर्षीय सुमित प्रजापति और 17 वर्षीय रामविलास प्रजापति शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद सुमित प्रजापति का शव बरामद कर लिया, जबकि अभिषेक तिवारी और रामविलास प्रजापति की तलाश जारी रही।
वहीं, दूसरी घटना धानेपुर थाना क्षेत्र के भैसहवा घाट की है। यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान 50 वर्षीय तुलाराम शुक्ला का पैर फिसल गया, जिससे वह नदी में डूब गए। तुलाराम शुक्ला, बिहुरी गांव के शिवबख्श पुरवा के निवासी बताए जा रहे हैं। वह गांव की दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन में शामिल होने पहुंचे थे।
घटनाओं की सूचना मिलते ही तरबगंज और धानेपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जिला मुख्यालय से फ्लड पीएसी की टीम भी दोनों स्थानों पर भेजी गई। पुलिस, बचाव दल और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की गई।
जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, तरबगंज क्षेत्र में तीन लोग डूबे थे, जिनमें से एक का शव बरामद हुआ, जबकि अन्य की तलाश जारी थी। धानेपुर क्षेत्र में भी तुलाराम शुक्ला की मौत की पुष्टि की गई।
फिलहाल, दोनों घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
