औरैया-जालौन को जोड़ने वाला यमुना पुल बना हादसों का सबब, जलभराव और गड्ढों से बढ़ा खतरा
औरैया। लगातार हो रही बारिश के कारण औरैया व जालौन को जोड़ने वाले यमुना पुल की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। करीब एक किलोमीटर लंबे इस पुल पर जगह-जगह जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
उफनती यमुना के बीच पुल से गुजरने वाले राहगीर और वाहन चालक हर दिन जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। पुल की जर्जर स्थिति के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल की खराब हालत के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलभराव की समस्या का समाधान किया जाए तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके।
