*आवास योजना के नाम पर 10 हजार की ठगी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची*
_राशिद खांन चांद_
_ब्यूरो चीफ, सीतापुर_
*आवास योजना के नाम पर 10 हजार की ठगी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची*
सीतापुर: प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये लेने और सुनसान जगह पर ले जाकर असलहे के बल पर दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने न्याय न मिलने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है।
पीड़िता *रेनू पत्नी स्वर्गीय जयकरन*, निवासी ग्राम बिनौरा, थाना नैमिषारण्य ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी मुलाकात *बदरुद्दीन प्रधान*, निवासी कचनार से विकास भवन के पास हुई थी। आरोपी ने आवास का लाभ दिलाने का झांसा देकर 10 हजार रुपये की मांग की और कचनार स्थित अपने घर बुलाया।
पीड़िता के अनुसार 31 जुलाई 2026 को वह रुपये लेकर कचनार गई। शाम को आरोपी के आने पर उसने 10 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद विकास भवन ले जाने के बहाने महिला को मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया।
आरोप है कि वहां कमरे में असलहे के बल पर मारपीट की गई और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने शोर मचाकर किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
महिला का कहना है कि घटना के बाद उसने 1090 हेल्पलाइन पर शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 13 अगस्त को वह एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई व रुपये वापस दिलाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज होने या अन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
