डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में बलौदाबाजार की बड़ी उपलब्धि, जिला चिकित्सालय को राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का सम्मान
डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में बलौदाबाजार की बड़ी उपलब्धि, जिला चिकित्सालय को राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का सम्मान
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदान किया प्रशस्ति पत्र, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन की हुई सराहना
बलौदाबाजार-भाटापारा, 20 अगस्त 2026। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से लागू करने और मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड के बेहतर डिजिटल प्रबंधन के क्षेत्र में जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला चिकित्सालय को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली संस्था के रूप में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
यह सम्मान लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर में आयोजित आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, स्टेट मॉडल डिस्ट्रिक्ट फैसिलिटीज की राज्य स्तरीय उद्घाटन कार्यशाला में प्रदान किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजीव कुमार झा तथा भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के संचालक विक्रम पगारिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था में बेहतर काम का मिला परिणाम
19 अगस्त 2026 को रायपुर में आयोजित कार्यशाला में राज्य में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के क्रियान्वयन तथा डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा एवं चर्चा की गई। इस दौरान जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार द्वारा एबीडीएम और हेल्थ रिकॉर्ड लिंकेज के क्षेत्र में किए गए प्रभावी कार्यों की विशेष सराहना की गई।
अस्पताल में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने, मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल माध्यम से लिंक करने और स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों ने जिले को यह उपलब्धि दिलाई है।
मरीजों को मिलेगा सीधा फायदा
इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का प्रभावी क्रियान्वयन मरीज-केंद्रित, पारदर्शी और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन भारत सरकार की महत्वपूर्ण डिजिटल स्वास्थ्य पहल है। इसका उद्देश्य देश में सुरक्षित, मजबूत और आपस में जुड़े डिजिटल स्वास्थ्य तंत्र का निर्माण करना है। इसके माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करने, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के बीच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के बेहतर आदान-प्रदान की दिशा में काम किया जा रहा है।
डिजिटल रिकॉर्ड से उपचार और फॉलोअप होगा आसान
आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य पहचान उपलब्ध होती है। इसके जरिए मरीज अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित कर आवश्यकता के अनुसार साझा कर सकते हैं। मरीज की पूर्व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी चिकित्सकों तक उपलब्ध होने से उपचार, जांच और फॉलोअप की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलती है।
जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार की यह उपलब्धि जिले में आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
चाणक्य न्यूज़ | बलौदाबाजार-भाटापारा
हिमांशु शुक्ला

