गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्टें घाघरा की तेज धारा में बहा किसान, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाया
गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्टें
घाघरा की तेज धारा में बहा किसान, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाया
गोंडा ईसानगर थाना क्षेत्र के चकदहा गांव में बुधवार शाम खेत से चारा लेकर घर लौट रहा किसान घाघरा नदी के बढ़े जलस्तर की चपेट में आकर तेज धारा में बह गया। किसान के नदी के पानी में बहते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर काफी देर तक खोजबीन की, जिसके बाद उसे पानी से बाहर निकालकर आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, वहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार चकदहा गांव निवासी मनोरथ पुत्र बैजू बुधवार शाम खेत से जानवरों के लिए चारा लेकर गांव की ओर लौट रहे थे। गांव के समीप घाघरा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण मुख्य रास्ते पर बनी पुलिया का एक हिस्सा कट चुका है। इसी कटी पुलिया को पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से मनोरथ नदी के पानी में बह गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उन्हें खोजकर बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भेजा।चिकित्सकों द्वारा उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीण मैकूलाल ने बताया कि घाघरा नदी के तेज बहाव के चलते गांव के मुख्य रास्ते पर मौजूद पुलिया कट गई है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद खतरनाक बना हुआ है। इसके बावजूद अभी तक तहसील प्रशासन की ओर से रास्ते को सुरक्षित कराने या ग्रामीणों के आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत कराने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
