राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन कलेक्टर ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया प्रोत्साहित

0
WhatsApp Image 2026-09-06 at 5.42.15 PM

बलौदाबाजार, 6 सितंबर 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को इंडोर स्टेडियम बलौदाबाजार में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नन्हे बच्चों ने कराते का शानदार प्रदर्शन भी किया। प्रतियोगिता में लगभग 150 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कलेक्टर श्री शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कुछ बच्चों ने जीत हासिल की है, जबकि अन्य बच्चों ने हार के माध्यम से जीतने का अनुभव और सीख प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेना स्वयं में बड़ी उपलब्धि है। आज के खिलाड़ी ही विकसित भारत के भविष्य के निर्माता हैं।

उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी की रुचि खेल में होती है, किसी की पढ़ाई में और कुछ बच्चे दोनों क्षेत्रों में बेहतर करना चाहते हैं। बच्चों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अनुशासन, नियमित अभ्यास और निरंतर मेहनत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के अंदर अपनी एक विशेष क्षमता होती है, जरूरत है उसे पहचानकर सही दिशा में अपनी ऊर्जा लगाने की।

कलेक्टर ने खिलाड़ियों से अपने सपनों के प्रति सजग रहने, खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

विभिन्न खेलों के विजेताओं को मिले मेडल

कार्यक्रम के दौरान वॉलीबाल, बैडमिंटन, कराते, बास्केटबॉल एवं मल्लखंभ सहित विभिन्न खेलों में 10 से 12 वर्ष तथा 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम अरविन्द कुमार टी., तहसीलदार निवेश कोरेटी, वरिष्ठ खेल अधिकारी प्रीति बंछोर सहित कोच एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला
बलौदाबाजार-भाटापारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed