केरलम में आंधी में स्कूल की छत उड़ी
उत्तराखंड के कोटद्वार में गाड़ियां बहीं, हरिद्वार में ओले गिरे; लखनऊ में 40 हजार घरों में पानी घुसा
देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। केरलम के कन्नूर जिले में शुक्रवार को आंधी और बारिश के कारण वायथुर यूपी स्कूल की करीब 15 साल पुरानी भारी छत उखड़कर पीछे की इमारत पर जा गिरी। इसकी चपेट में आने से नीचे खड़ी तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में शुक्रवार को रुक-रुककर बारिश हुई। छह जिलों में बड़े-बड़े ओले भी गिरे। पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में तेज बारिश के कारण सड़कों पर खड़ी स्कूटी और बाइक समेत कई गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गईं। हरिद्वार में ओले गिरने से कई गाड़ियों के शीशे टूट गए।
इधर, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 12वें दिन बढ़ रहा है। 40 हजार से ज्यादा घर आधे से ज्यादा पानी में डूब चुके हैं, जबकि 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। फैजुल्लागंज की सड़कों पर नावें चल रही हैं।
वहीं, गोंडा के 8 गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से 7 हजार से ज्यादा लोग फंसे हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के कटाव से 13 घर और 4 मंदिर नदी में समा गए हैं।
