प्रसव के 48 घंटे के भीतर भुगतान कराने वाली 12 आशा कार्यकर्ता को मंडलायुक्त ने किया सम्मानित

0
WhatsApp Image 2026-07-17 at 10.24.00 AM (1)

अलीगढ़।(संजय सक्सेना ब्यूरो चीफ)मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और जननी सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जनपद कासगंज की 12 आशा कार्यकर्ताओं को अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह द्वारा कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।इन आशा कार्यकर्ताओं ने संस्थागत प्रसव के उपरांत मात्र 48 घंटे के भीतर लाभार्थियों के खातों में जननी सुरक्षा योजना की प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित कर शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।उनके इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।सम्मानित होने वाली आशाओं में विकास खंड कासगंज की भाग्यवती, रेखा,सुनीता,सरिता, रीना एवं संदेश,विकास खंड सोरों की कमलेश,विकास खंड सहावर की कन्यावती, सर्वेश, रेखा एवं उमा देवी और विकास खंड गंजडुंडवारा की सरिता शामिल हैं।


इस अवसर पर मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण से गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं एवं शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी आशा कार्यकर्ताओं से इसी प्रकार प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में अपर निदेशक,चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण,अलीगढ़ मंडल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सम्मानित आशा कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने से जननी सुरक्षा योजना के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है तथा संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed