दो वार्डों में मिली ख़राब सफाई व्यवस्था-नगर आयुक्त का सख्त एक्शन-दो सुपरवाइजर कार्यालय अटैच व स्वच्छता निरीक्षक का वेतन रोका
अलीगढ़।(संजय सक्सेना ब्यूरो चीफ)मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप नगरीय जनसुविधाओं को प्रभावी, पारदर्शी एवं जनउपयोगी बनाने तथा स्थानीय नागरिकों एवं पार्षदों से प्राप्त जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा जनसुनवाई के उपरांत प्राप्त शिकायतों का स्वयं स्थलीय
https://youtu.be/A0jRrVZm8t8 सत्यापन किया जा रहा है।शुक्रवार को नगर आयुक्त ने वार्ड-44 मख़दूम नगर व वार्ड-86 सुपर कालोनी नगला आशिक अली क्षेत्र का निरीक्षण कर दोनो वार्ड में सफाई व्यवस्था,विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का जायजा लिया। सफ़ाई व्यवस्था दोयम दर्जे की मिलने पर नगर आयुक्त ने मौके पर 2 स्वच्छता सुपरवाइजरों को कार्य से हटाते हुए कार्यालय अटैच करने व स्वच्छता निरीक्षक बिशन सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए अग्रिम आदेशों तक वेतन निर्गत करने पर रोक लगा दी है।नगर आयुक्त ने वार्ड-44 मखदूम नगर का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान स्थानीय पार्षद मोहम्मद असलम, मुशर्रफ हुसैन,राजभाई भी उनके साथ मौजूद रहे।नगर आयुक्त ने वार्ड की विभिन्न गलियों एवं मुख्य मार्गों का पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।कई स्थानों पर नालियां गंदगी एवं सिल्ट से भरी हुई मिलीं तथा सड़कों और गली पर सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब स्थिति में पाई गई।नगर आयुक्त ने मौके पर उपस्थित संबंधित स्वच्छता निरीक्षक बिशन सिंह से सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति का कारण पूछा,लेकिन उनके द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया जा सका।व्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने वार्ड-44 में तैनात स्वच्छता सुपरवाइजर हरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से कार्यालय अटैच करने के निर्देश दिए।साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाकर सभी नालियों की सफाई कूड़े का तत्काल उठान तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।नगर आयुक्त ने वार्ड की कच्ची गलियों एवं प्रमुख मार्गों का भी भौतिक सत्यापन किया और संबंधित अवर अभियंता पूनम सिंह को निर्देशित किया कि क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों के लिए विस्तृत सर्वेक्षण कर बजट के अनुरूप निर्माण कार्यों का व्यय अनुमान एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।नगर आयुक्त ने वार्ड-86 के अंतर्गत सुपर कॉलोनी, नगला आशिक अली,भुजपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।नगला आशिक अली स्थित टावर वाले रोड सहित कई गलियों एवं मुख्य मार्गों पर गंदगी फैली हुई मिली तथा सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब स्तर की पाई गई। नगर आयुक्त ने खराब सफाई व्यवस्था पाए जाने पर कार्यवाहक स्वच्छता सुपरवाइजर टीटू पुत्र धर्मपाल को तत्काल प्रभाव से हटाकर कार्यालय अटैच करने के निर्देश दिए गए।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा सभी वार्डो में एकरूपता के साथ बेहतर सफ़ाई व्यवस्था व जनसुविधाओं को उपलब्ध करने के लिए नगर निगम पूर्ण रूप से प्रयासरत है। स्वच्छता निरीक्षक एवं सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करें नालियों की रोज़ाना सफाई, कूड़ा उठान एवं सड़क सफाई की सतत निगरानी रखें। जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलेगी वहां संबंधित स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता सुपरवाइज़र के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

