*श्रावण मास में नो इंसिडेंट-नो एक्सीडेंट सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश*
*अलीगढ़।*(सू0वि0) जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित,व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा जनपद में श्रावण मास में *नो इंसिडेंट-नो एक्सीडेंट* सुनिश्चित कर मिसाल पेश की जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि सभी विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कलैक्ट्रेट सभागार में श्रावण मास के दृष्टिगत साफ-सफाई, पेयजल,सुरक्षा, यातायात, कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी थानों में शांति समिति की बैठकें कर आवश्यक निर्देश संबंधितों तक तत्काल पहुंचाए जाएं।कांवड़ मार्गों पर आबकारी की दुकानें पूरी तरह ढकी रहेंगी,जबकि मीट की दुकानें बंद रहेंगी।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी दुकानों पर दर सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा को दिए गए।बैठक में कांवड़ मार्गों की मरम्मत एवं पैचवर्क कार्य की समीक्षा के दौरान रामघाट-कल्याण मार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा असंतोष जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अधूरे मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर तत्काल पूरे कराए जाएंवहीं अधिशासी अभियंता संजीव पुष्कर ने अपने क्षेत्र में मरम्मत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि नगर क्षेत्र में सात टैंकर,स्थायी प्रकाश व्यवस्था,जलभराव वाले स्थानों पर सक्शन मशीनों एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था कर दी गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि नगर निगम सीमा से पूर्व आने वाली 12 ग्राम पंचायतों में हर 50 मीटर पर प्रकाश व्यवस्था,व्यापक सफाई,बिजली के खंभों की सुरक्षा एवं झूलते तारों को दुरुस्त करने का कार्य कराया गया है।जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने तैनाती क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण सामग्री सड़कों पर न पड़ी रहे। विद्युत विभाग को खुले ट्रांसफार्मर एवं खंभों को सुरक्षित करने, कांवड़ मार्गों पर क्रॉस कर रही विद्युत लाइनों के नीचे सुरक्षा जाल लगाने और झूलते तार तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे एवं बड़े पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए गए।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ दिवाकर त्रिपाठी को सड़कों पर छुट्टा पशु नहीं दिखाई देने और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.एन. सिंह को स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की तैनाती,एंटीवेनम एवं एंटी रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए,ताकि श्रावण मास में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।इस अवसर पर नगर आयुक्त, एसपी सिटी,एडीएम सिटी,एसपी ट्रैफिक,एसपी ग्रामीण,एडीएम प्रशासन,समस्त एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित, अग्निशमन अधिकारी,सभी अधिशासी अधिकारी,खण्ड विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
