स्थान-सुलतानपुर उत्तर प्रदेश, रिपोर्ट-संतोष कुमार पाण्डेय, विशेष सम्वाददाता चाणक्य न्यूज इंडिया
पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में अवैध झटका मशीनों के विरुद्ध अभियान, प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीमों ने गांव-गांव जाकर हटवाईं मशीनें
जनपद में कृषकों द्वारा फसलों की सुरक्षा के दृष्टिगत अवैध रूप से लगाई जा रही झटका मशीनों की चपेट में आने से होने वाली मौतों का गंभीर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम द्वारा समस्त उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अवैध रूप से लगाई गई झटका मशीनों को तत्काल हटवाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके अनुपालन में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रही हैं तथा खेतों एवं अन्य स्थानों पर अवैध रूप से लगाई गई झटका मशीनों को हटवाकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही किसानों एवं ग्रामीणों को विद्युत करंट से होने वाली संभावित जनहानि के प्रति जागरूक करते हुए इस प्रकार की जानलेवा व्यवस्था न अपनाने की अपील भी की जा रही है।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी लम्भुआ तथा क्षेत्राधिकारी बल्दीराय द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशासन एवं पुलिस टीमों के साथ संयुक्त रूप से गांव-गांव भ्रमण कर अवैध झटका मशीनों को हटवाया जा रहा है।
थाना लम्भुआ, थाना मोतिगरपुर, थाना गोसाईगंज, थाना जयसिंंहपुर, थाना कादीपुर, थाना बल्दीराय एवं थाना धम्मौर क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा अभियान चलाकर खेतों एवं अन्य स्थानों पर अवैध रूप से लगाई गई झटका मशीनों को हटवाया गया है। संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अब तक कुल 64 अवैध झटका मशीनें हटवाई गई हैं। संक्षिप्त विवरण निम्नवत है—
थाना धम्मौर क्षेत्र के शाहपुर शरकण्डे डीह से 03 मशीनें हटवाई गईं।
थाना लम्भुआ क्षेत्र के रामपुर कुर्मियान से 02 मशीनें हटवाई गईं।
थाना जयसिंहपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से 20 मशीनें हटवाई गईं।
थाना बल्दीराय क्षेत्र के सिंहनी, बरासीन आदि गांवों से 15 मशीनें हटवाई गईं।
थाना मोतिगरपुर क्षेत्र के पहाड़पुर, बेलहरी, डडवा कला एवं पटखौली से 12 मशीनें हटवाई गईं।
थाना गोसाईगंज क्षेत्र के बिठ्ठलपुर आदि गांवों से 12 मशीनें हटवाई गईं।
इसके अतिरिक्त झटका मशीनों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को भी चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी कर झटका मशीनों की तलाश की जा रही है तथा बरामद मशीनों को सीज करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी महोदय के आदेश के क्रम में पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर महोदया नें स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि जनहानि की आशंका को देखते हुए जनपद में किसी भी स्थान पर अवैध रूप से झटका मशीन लगाए जाने अथवा उनकी अवैध बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा इस संबंध में सतत निगरानी रखते हुए अभियान जारी रहेगा तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

