राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक अधिकारियों की बैठक आयोजित।
बनवारी बाबा गंगापुर सिटी, 1 सितम्बर 2026। राजकीय महाविद्यालय, गंगापुर सिटी में आज दिनांक 1 सितम्बर 2026 को कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. रामकेश मीना की अध्यक्षता में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा अनुशासन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. रामकेश मीना ने सभी शैक्षणिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से अपनी कक्षाएँ संचालित करें तथा विद्यार्थियों को भी समय पर कक्षाओं में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें।उन्होंने कहा कि प्रत्येक कक्षा में विद्यार्थियों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए सभी शिक्षकों को विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से निरंतर संवाद स्थापित कर नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी बताया गया कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अशैक्षणिक गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों में अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित प्रभारियों को आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रो धर्मवीर मीना डॉ .अशोक कुमार डॉ कुलदीप जाटव डा चंद्रशेखर मीना ने महाविद्यालय से संबंधित समस्याओ को प्राचार्य को अवगत कराया तथा महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सुधार के सुझाव दिए।
कार्यवाहक प्राचार्य रामकेश मीना एवं वरिष्ठतम संकाय सदस्य सुरेश चंद मीना ने महाविद्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय, सहयोग एवं सकारात्मक कार्यशैली के साथ कार्य करते हुए महाविद्यालय में एक उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करें और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
बैठक में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन प्रोफेसर कैलाश बैरवा ने किया

