सेवा संकल्प अभियान के तहत सिमगा पहुंची सेवा यात्रा, बाइकर्स का हुआ जोरदार स्वागत
प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 हितग्राहियों को मिली आवास की चाबी एवं स्वीकृति पत्र
बलौदाबाजार, 30 सितंबर 2026। चाणक्य न्यूज़ इंडिया से हिमांशु शुक्ला की रिपोर्ट।
सिमगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निकली सेवा यात्रा बुधवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा पहुंची। वडनगर से वाराणसी के लिए निकली बाइक रैली के सिमगा पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने बाइकर्स का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
सिमगा थाना के पीछे स्थित मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। पक्का आवास मिलने की उम्मीद पूरी होने पर हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही घनश्याम सोनकर ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उनका परिवार पहले कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दौरान परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब योजना के माध्यम से पक्का मकान मिलने से उनके परिवार को सुरक्षित और स्थायी आवास मिल सकेगा।
उन्होंने आवास की स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा और जनकल्याण का संदेश लेकर पहुंची यात्रा
सेवा यात्रा के माध्यम से जनसेवा और लोककल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। बाइक रैली में शामिल सदस्यों का सिमगा में स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

