चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जनसेवा और सेवा कार्यों के बीच मनाया शेखावत ने जन्मदिन अपना घर आश्रम, बाल बसेरा, गौशाला और नवजीवन संस्थान में बच्चों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठजनों एवं गौ माता की सेवा कर मनाया जन्मदिवस

0
WhatsApp Image 2026-10-04 at 10.52.09 AM

जोधपुर, 03 अक्टूबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री एवं जोधपुर सांसद श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपना जन्मदिवस जनसेवा और सेवा कार्यों के बीच मनाया। जन्मदिवस के अवसर पर जोधपुर स्थित उनके निवास पर देर रात 12 बजे से ही बधाई एवं शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया। शनिवार को दिनभर जोधपुर सहित पूरे संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और आमजन अपने प्रिय सांसद को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे।
देर रात से शुरू हुआ यह सिलसिला दिनभर जारी रहा। इस दौरान निवास पर बड़ी संख्या में लोगों ने शेखावत का अभिनंदन कर उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इसके बाद शेखावत ने अपना जन्मदिन विभिन्न सेवा संस्थानों में पहुंचकर मनाया। उन्होंने अपना घर आश्रम में विमंदित एवं विशेष जरूरत वाले लोगों के साथ घेवर केक काटकर जन्मदिन मनाया तथा प्रसादी का वितरण किया। उन्होंने आश्रम में रह रहे लोगों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
इसके बाद शेखावत गुड़ा विश्नोइयां स्थित श्री बालाजी कृष्ण गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गौ सेवा की और गौ माता को चारा, गुड़ एवं लापसी खिलाई। श्री बालाजी कृष्ण गौ सेवा समिति के सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया और जन्मदिवस पर उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राजस्थान जीव जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई भी साथ रहे।
शेखावत ने बाल बसेरा आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया। नन्हे-मुन्नों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने बच्चों के बीच घेवर केक काटा, भोजन कराया और आवश्यक सामग्री का वितरण किया। बच्चों के साथ समय बिताते हुए शेखावत ने उनके साथ आत्मीय संवाद भी किया।


इसके पश्चात उन्होंने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित नवजीवन संस्थान के लवकुश गृह में बच्चों, बालिकाओं और वरिष्ठजनों के बीच पहुंचकर जन्मदिन मनाया। यहां भी बच्चों के साथ केक काटा और सभी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
नगर निगम की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं के साथ मनाया जन्मदिन
जोधपुर नगर निगम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भी केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत शामिल हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया और घेवर का केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में महापौर प्रसन्न चंद मेहता, उप महापौर विजय सिंह पंवार, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल, विधायक देवेन्द्र जोशी, विधायक अतुल भंसाली, श्री दिनेश भंबानी, गिरीश भंबानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
शेखावत ने जन्मदिवस के अवसर पर मिले अपार स्नेह के लिए जोधपुर और पूरे संसदीय क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *