श्रावण माह के प्रथम सोमवार को डीएम एसपी ने देवकली मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
श्रावण मास में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच औरैया प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा चूक से बचने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद मैदान में उतरे और देवकली मंदिर पहुंचकर तैयारियों की हकीकत परखी। मंदिर परिसर से लेकर दर्शन मार्ग तक हर व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, जबकि अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने देवकली मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।भीड़ प्रबंधन और सुगम दर्शन पर विशेष जोर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए देवकली मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिले।
