जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का कलेक्टर ने किया सम्मान, मल्लखम्ब खिलाड़ियों ने भी बढ़ाया जिले का मान

0
WhatsApp Image 2026-09-01 at 5.50.48 PM

जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का कलेक्टर ने किया सम्मान, मल्लखम्ब खिलाड़ियों ने भी बढ़ाया जिले का मान

3 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शाल-श्रीफल भेंट कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं, मल्लखम्ब में जिले को मिला प्रदेश में दूसरा स्थान

बलौदाबाजार-भाटापारा, 1 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अगस्त 2026 में प्रदेश के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। इनमें बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के तीन खिलाड़ी गौरव डहरिया (सॉफ्टबॉल), स्वर्गीय दिलीप कुमार साहू (व्हीलचेयर फेंसिंग) तथा सुश्री स्वाती साहू (कयाकिंग-कैनोइंग) शामिल हैं। इन उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की शासकीय सेवा में नियुक्ति की नीति, 2007 के प्रावधानों के अंतर्गत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ के विभिन्न शासकीय विभागों में सीधी भर्ती के तहत नियुक्ति की पात्रता होगी। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं मदद का भरोसा दिलाया।

मल्लखम्ब खिलाड़ियों ने प्रदेश में हासिल किया दूसरा स्थान

सम्मान समारोह के दौरान 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता, जांजगीर-चांपा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के मल्लखम्ब खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 11 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक अर्जित किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ जिले ने प्रतियोगिता में प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया।

मल्लखम्ब के इन खिलाड़ियों में से 3 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है, जिससे जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ियों द्वारा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला
बलौदा बाजार-भाटापारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed