आईआईटीयन व केबीसी का हिस्सा रहे जिले के प्रतिभाशाली युवा योगेश का लक्ष्य अब यूपीएससी

0
WhatsApp Image 2026-09-04 at 12.45.38 PM

आईआईटीयन व केबीसी का हिस्सा रहे जिले के प्रतिभाशाली युवा योगेश का लक्ष्य अब यूपीएससी

योगेश ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से की मुलाकात, साझा किया लोकप्रिय टीवी शो कंटेस्टेंट बनने तक का सफर

बलौदाबाजार, 4 सितम्बर 2026। जिले के प्रतिभाशाली युवा एवं ग्राम टेहका निवासी योगेश साहू ने गुरुवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कलेक्टर ने योगेश से यूपीएससी की तैयारी से लेकर लोकप्रिय टीवी शो केबीसी का हिस्सा बनने तक के उनके सफर के बारे में विस्तार से चर्चा की। योगेश ने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक किया है और वर्तमान में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं।

कलेक्टर श्री शर्मा ने यूपीएससी की तैयारी को लेकर अपने अनुभव साझा करते हुए योगेश को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यूपीएससी का लक्ष्य बहुत बड़ा होता है और इसकी तैयारी में निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा एकाग्रता की आवश्यकता होती है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि यूपीएससी प्रीलिम्स के बाद मेन्स की तैयारी के लिए मिलने वाले करीब 120 दिन बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में अभ्यर्थी को पूरी एकाग्रता के साथ अध्ययन करना चाहिए और अपना फोकस भटकने नहीं देना चाहिए।

कलेक्टर ने योगेश को समय प्रबंधन, अध्ययन की रणनीति, परीक्षा के विभिन्न चरणों की तैयारी और उत्तर लेखन से जुड़े कई उपयोगी सुझाव भी दिए। उन्होंने दिल्ली में छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए संचालित ट्राइबल यूथ हॉस्टल के संबंध में भी जानकारी दी, जहां यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है।

कलेक्टर श्री शर्मा ने योगेश के प्रयासों और उनके लक्ष्य की सराहना करते हुए आगामी यूपीएससी परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की मदद करना चाहते हैं योगेश

योगेश ने बताया कि यदि वे यूपीएससी परीक्षा में सफल होते हैं तो उनकी आगामी कोशिश आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने और उनकी मदद करने की होगी। उन्होंने कहा कि अपने सफर के दौरान जिन चुनौतियों और परेशानियों का उन्हें सामना करना पड़ा, वे दूसरे बच्चों को न झेलनी पड़ें, इसके लिए वे भविष्य में काम करना चाहते हैं।

पिता के संघर्ष ने बेटे के सपनों को दी उड़ान

योगेश के पिता गयाराम साहू ड्राइवर के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने अपने जीवन में अनेक संघर्षों का सामना करते हुए बेटे की शिक्षा और उसके सपनों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया। पिता के सहयोग और योगेश की मेहनत ने उन्हें आईआईटी बॉम्बे तक पहुंचाया।

आईआईटी कैंपस में योगेश को अच्छी नौकरी का अवसर भी मिला था, लेकिन उन्होंने नौकरी करने के बजाय यूपीएससी की तैयारी कर समाज की सेवा करने का संकल्प लिया। योगेश का यह निर्णय उनके सामाजिक सरोकार और युवाओं के लिए कुछ बेहतर करने की इच्छा को दर्शाता है।

इस दौरान योगेश के परिजन भी मौजूद रहे।

क्रमांक/18

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला, बलौदाबाजार-भाटापारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed