जोबट में बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू की कक्षाओं के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर संगोष्ठी आयोजित

0
WhatsApp Image 2026-09-29 at 10.03.28 AM

जिला ब्यूरो चीफ वासुदेव वाणी

जोबट, जिला आलीराजपुर। मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम की कक्षाएं आज 27 सितंबर 2026 को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जोबट में आयोजित की गईं। कक्षाओं के साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती (25 सितंबर) के उपलक्ष्य में विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जे. सी. पटेल, सहायक विस्तार अधिकारी रहे। इस अवसर पर सुधीर तिवारी, विकासखंड समन्वयक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का पुष्पमाला से आत्मीय स्वागत किया गया।

संगोष्ठी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र तथा समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने उनके एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही समग्र विकास की आधारशिला है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सामाजिक नेतृत्व, जनभागीदारी, समाज सेवा एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को अपने अध्ययन को व्यावहारिक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ते हुए समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में योगदान देने का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि श्री जे. सी. पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री सुधीर तिवारी ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से जनभागीदारी और सामाजिक विकास की गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन श्री योगेन्द्र राठौड़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर पाठ्यक्रम से जुड़े विद्यार्थी एवं संबंधित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *