सेवा निवृत्ति के दिन कर्मचारी के हाथ में हो पीपीओ : कलेक्टर लंबित पेंशन प्रकरणों का 30 अक्टूबर तक निराकरण करने के निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-09-28 at 4.25.37 PM

बलौदाबाजार, 28 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग के निर्देशानुसार लंबित पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष, बलौदाबाजार में पेंशन निराकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारी शामिल हुए और पेंशन प्रकरणों के निराकरण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी पेंशन एवं अन्य देय स्वत्वों का लाभ समय पर मिले। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही कर्मचारी के हाथ में पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) की प्रति उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि पेंशन के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में लंबित लगभग 317 पेंशन प्रकरणों का निराकरण 30 अक्टूबर तक किया जाना है। वहीं आधार से मैपिंग नहीं हुए प्रकरणों को 5 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी की सेवानिवृत्ति से 24 महीने पूर्व ही पेंशन एवं अन्य स्वत्वों के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए।

जिला कोषालय को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार की जाए तथा सेवानिवृत्ति के दिन पेंशन आदेश की प्रति एवं सभी देय स्वत्व प्राप्त करने वाले कर्मचारियों की सूची भी तैयार रखी जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों द्वारा पेंशन प्रकरणों से संबंधित समस्याएं रखी गईं, जिनके संबंध में अधिकारियों को आवश्यक जानकारी एवं समाधान संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।

इस अवसर पर जिला कोषालय अधिकारी सौम्या शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आहरण-संवितरण अधिकारी उपस्थित रहे।

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
हिमांशु शुक्ला
बलौदाबाजार-भाटापारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *