कैदी की वेशभूषा में सपाइयों का प्रदर्शन, लखनऊ में हंगामा
हाथों में हथकड़ी, चेहरे पर ज्ञानेश कुमार का मुखौटा;
पैरों से रौंदा CEC का पुतला
लखनऊ में समाजवादी पार्टी आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। सपा कार्यकर्ता जिला पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाल रहे हैं। इस दौरान चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।

प्रदर्शन में कुछ सपा कार्यकर्ता चेहरे पर ज्ञानेश कुमार का स्टिकर लगाकर पहुंचे। उनके हाथों में हथकड़ी है और उन्होंने कैदी की पोशाक पहन रखी है। वहीं, ज्ञानेश कुमार के पुतले को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने पुतले को पैरों से रौंदकर विरोध जताया।
समाजवादी पार्टी ने 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाया है। इसके तहत जिला स्तर पर मार्च और प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। सपा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे के साथ चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रही है।
