औरैया पुलिस को मिली दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
औरैया। जिले में सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से औरैया पुलिस को दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें मिली हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय ककोर से इन मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों में स्पीड गन, हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरा तथा सायरन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों की मौके पर ही पहचान कर उन्हें रोकते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन आधुनिक इंटरसेप्टर बाइक के संचालन से ओवरस्पीड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा, यातायात नियमों का बेहतर ढंग से पालन कराया जा सकेगा तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
औरैया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करें।
