एस रहमान।सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता रैली, मानव तस्करी विरोधी दिवस पर दिलाई शपथ
एस रहमान।सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता रैली, मानव तस्करी विरोधी दिवस पर दिलाई शपथ
टोंक। पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशानुसार जिले में गुरुवार को “महिला सुरक्षा संकल्प” अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव के सुपरविजन में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में महिला अधिकारियों व महिला पुलिसकर्मियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद एसपी ने महिला सुरक्षा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, राजकॉप सिटीजन ऐप तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश देते हुए आमजन से सुरक्षित और संवेदनशील समाज के निर्माण में भागीदारी का आह्वान किया गया।
इसी क्रम में विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर जिले के सभी थानों एवं मानव तस्करी विरोधी पुलिस यूनिट कार्यालय में बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं और बच्चों को मानव तस्करी के विभिन्न रूपों, बचाव के उपायों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर सतर्क रहने का संदेश दिया।
मालपुरा पुलिस की कार्रवाई, अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
मालपुरा। जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मालपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केकड़ी रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास अवैध बजरी का परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर संबंधित प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी रोशन मीना ने बताया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।


