207 जोड़ो ने ली साथ निभाने की कसम*धूमधाम से संपन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह
*सुलतानपुर।
विकास खंड मुख्यालय बल्दीराय परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और सामाजिक समरसता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। एक ही मंडप के नीचे कुल 207 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे और जीवनभर साथ निभाने की शपथ ली। इनमें 205 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार, जबकि 2 मुस्लिम जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार संपन्न कराया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और विवाह की सभी तैयारियां प्रशासन की ओर से सुव्यवस्थित ढंग से की गई थीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती ऊषा सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण योजना है, जो बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान कर रही है।
समारोह के दौरान वर-वधू तथा उनके साथ आए परिजनों एवं अतिथियों के लिए भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। आयोजन स्थल पर चिकित्सा, पेयजल, बैठने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लगातार आयोजन की निगरानी की, जिसके चलते पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित इस समारोह ने सामाजिक एकता, सौहार्द और समानता का संदेश दिया। एक साथ 207 जोड़ों का विवाह संपन्न होने से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। नवदंपतियों और उनके परिजनों ने सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान बताया।
इस अवसर जिला परि योजना निदेशक अशोक कुमार सिंह एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण नायब तहसीलदार गुलाब सिंह सीओ आशुतोष कुमार थानाध्यक्ष महेन्द्र सिंह एडीओ पंचायत दयावंत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
ए.एन.पांडेय चाणक्य न्यूज़ डिस्टिक हेड सुलतानपुर
